🙏 ॥ जय गणेशाय नमः ॥ 🙏

बुध प्रदोष व्रत 15 अप्रैल 2026 - पूजा विधि, कथा, मंत्र और महत्व (पूरी जानकारी)

Budh Pradosh Vrat Date 2026: बुध प्रदोष व्रत कब है?

बुध प्रदोष व्रत भगवान शिव को समर्पित उन विशेष व्रतों में से है, जो बुद्धि, विद्या और वाणी की शुद्धि के लिए रखे जाते हैं। हिंदू पंचांग के अनुसार, यह व्रत प्रत्येक बुधवार को पड़ने वाली त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है। वर्ष 2026 में बुध प्रदोष व्रत केवल एक बार आ रहा है, इसलिए इस दिन का महत्व और भी बढ़ जाता है। वैशाख, कृष्ण त्रयोदशी तिथि 15 अप्रैल, रात्रि 12:12 बजे से आरंभ: होगी और इसका समापन 15 अप्रैल, रात्रि 10:31 बजे होगा। उदया तिथि के अनुसार त्रयोदशी 15 अप्रैल को सूर्योदय के समय विद्यमान है, इसीलिए व्रत इसी दिन रखा जाएगा। इस दिन श्रद्धालु प्रदोष काल में पूजा करते हैं, जो सूर्यास्त के बाद का समय होता है, और इसी अवधि में व्रत एवं पूजा का विशेष महत्व होता है। आइए जानते हैं इस व्रत का महत्व, पूजा विधि और प्रदोष व्रत कथा

ध्यान रखें: भौगोलिक स्थिति के कारण भारत के अलग-अलग स्थानों में सूर्योदय और सूर्यास्त का समय अलग हो सकता है। इसलिए सटीक जानकारी के लिए अपने स्थानीय पंचांग या खगोलीय विवरण जरूर देखें।

बुध प्रदोष व्रत 15 अप्रैल 2026 शिव पूजा दृश्य

बुध प्रदोष व्रत का महत्व

बुधवार का दिन जब प्रदोष काल से जुड़ता है, तब साधना का स्वर और भी मधुर हो उठता है। बुध प्रदोष व्रत भगवान शिव को समर्पित होता है, और यह दिन बुद्धि, वाणी तथा व्यवहार की शुद्धि के लिए अत्यंत उपयोगी माना गया है। धार्मिक परंपराओं में बुध ग्रह को बुद्धिमत्ता, संवाद और विवेक का कारक माना गया है। जब यह दिन शिव उपासना से जुड़ता है, तब साधक के भीतर निर्णय लेने की क्षमता प्रबल होती है और भ्रम धीरे-धीरे समाप्त होने लगता है। इस व्रत के प्रभाव से पारिवारिक जीवन में सामंजस्य बढ़ता है, दांपत्य संबंधों में मधुरता आती है और मन की अशांति शांत होती है। यह व्रत हमें यह भी सिखाता है कि जल्दबाजी और जिद से किए गए निर्णय जीवन में उलझनें बढ़ा सकते हैं, जबकि धैर्य और विश्वास से हर कठिनाई का समाधान संभव है।


Budh Pradosh Vrat Puja Vidhi: बुध प्रदोष व्रत पूजा विधि

बुध प्रदोष व्रत की पूजा विधि सरल होते हुए भी अत्यंत प्रभावशाली मानी जाती है। यदि इसे नियम और श्रद्धा के साथ किया जाए, तो इसका फल शीघ्र प्राप्त होता है।

  • सुबह ब्रह्म मुहूर्त में जल्दी उठकर स्नान करें और साफ, पवित्र कपड़े पहनें।
  • भगवान शिव का ध्यान करते हुए व्रत रखने का संकल्प लें।
  • घर के मंदिर या पास के शिव मंदिर में शिवलिंग का जल या गंगाजल से अभिषेक करें।
  • शिवलिंग पर दूध, गंगाजल या पंचामृत (दूध, दही, घी, शहद, चीनी) चढ़ाएं।
  • बेलपत्र, चंदन, फूल, धूप और फल भगवान शिव को अर्पित करें।
  • “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप करें, कम से कम 108 बार जप करना अच्छा माना जाता है।
  • पूरे दिन अपनी क्षमता के अनुसार व्रत रखें और मन को शांत रखें, गलत विचारों और क्रोध से दूर रहें।
  • शाम को प्रदोष काल से पहले फिर से स्नान करके साफ कपड़े पहनें।
  • पूजा स्थान को साफ करके भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करें।
  • प्रदोष काल में फिर से शिवलिंग का अभिषेक करें और शिव मंत्रों का जप करें।
  • चाहें तो हवन भी कर सकते हैं और “ॐ नमः शिवाय” या “ॐ उमा सहित शिवाय नमः” मंत्र बोलते हुए आहुति दें।
  • पूजा के बाद भगवान शिव की आरती करें और प्रसाद बांटें।
  • अपनी श्रद्धा के अनुसार दान करें और जरूरतमंद लोगों की मदद करें।
  • अंत में भगवान शिव का स्मरण करके व्रत खोलें और भोजन ग्रहण करें।

Budh Pradosh Vrat katha: बुध प्रदोष व्रत कथा

प्राचीन समय की बात है, एक युवक का विवाह हुआ और कुछ दिनों बाद वह अपनी पत्नी को ससुराल से विदा कराने पहुँचा। उसने निश्चय किया कि वह बुधवार के दिन ही अपनी पत्नी को अपने घर लेकर जाएगा। सास-ससुर और अन्य परिजनों ने उसे समझाया कि इस दिन विदा कराना उचित नहीं होता, किंतु वह अपने निर्णय पर अडिग रहा। अंततः विवश होकर परिवार ने बेटी को विदा कर दिया और दोनों पति-पत्नी बैलगाड़ी से अपने नगर की ओर चल पड़े।

मार्ग में नगर से कुछ दूरी पर पत्नी को प्यास लगी। पति पानी लाने गया, पर जब वह लौटकर आया तो उसके सामने एक विचित्र दृश्य था। उसकी पत्नी किसी दूसरे पुरुष के साथ उसी के लोटे से पानी पी रही थी और दोनों की आकृति एक समान प्रतीत हो रही थी। यह देखकर वह क्रोधित हो उठा और उस व्यक्ति से विवाद करने लगा। धीरे-धीरे वहाँ भीड़ इकट्ठी हो गई और एक सिपाही भी आ पहुँचा। जब सिपाही ने पत्नी से पूछा कि उसका पति कौन है, तो वह स्वयं भी असमंजस में पड़ गई क्योंकि दोनों की शक्ल बिल्कुल एक जैसी थी।

इस स्थिति से व्याकुल होकर युवक ने भगवान शिव का स्मरण किया और अपनी भूल स्वीकार करते हुए प्रार्थना की कि उसने अज्ञानवश बुधवार के दिन पत्नी को विदा कराया, कृपा कर उसे इस संकट से मुक्त करें। उसकी सच्ची प्रार्थना से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उसकी रक्षा की और वह दूसरा पुरुष अचानक अदृश्य हो गया। इसके बाद युवक अपनी पत्नी के साथ सकुशल घर लौट आया। इस घटना के बाद दोनों ने नियमपूर्वक बुध प्रदोष व्रत का पालन आरंभ किया और जीवन में सदैव संतुलन और श्रद्धा बनाए रखी।


बुध प्रदोष व्रत में जपे ये मंत्र

प्रदोष काल में मंत्र जाप साधना को पूर्णता प्रदान करता है। बुध प्रदोष व्रत में ऐसे मंत्रों का जप किया जाता है, जो मन को स्थिर करते हैं और शिव कृपा को आकर्षित करते हैं।

पंचाक्षरी मंत्र (सर्वसिद्धि के लिए) ॐ नमः शिवाय

हवन हेतु शिव मंत्र मंत्र - “ॐ हौं क्लीं नमः शिवाय स्वाहा” से आहुति देनी चाहिये।

महामृत्युंजय मंत्र (मोक्ष और आरोग्य के लिए)
ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्।
उर्वारुकमिव बन्धनान्मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्॥

बुध शांति मंत्र (बुद्धि और वाणी की शुद्धि के लिए) ॐ ब्रां ब्रीं ब्रौं सः बुधाय नमः॥

शिव गायत्री मंत्र ॐ तत्पुरुषाय विद्महे महादेवाय धीमहि।
तन्नो रुद्रः प्रचोदयात्॥

पढ़ें - प्रदोष स्तोत्रम


समापन भाव

बुध प्रदोष व्रत आत्मसंयम और श्रद्धा का एक सरल मार्ग है, जो व्यक्ति को भीतर से मजबूत बनाता है। जब प्रदोष काल में भगवान शिव की उपासना की जाती है, तब मन की चंचलता शांत होती है और जीवन में संतुलन स्थापित होता है। यह व्रत हमें धैर्य, विश्वास और सही निर्णय लेने की प्रेरणा देता है।

काल हर, कष्ट हर, दुख हर, दरिद्र हर, सर्व रोग हर, सर्व पाप हर, नमः पार्वती पतये, हर हर महादेव 🙏 🙏 🙏

twitter facebook telegram whatsapp